Monday, November 16, 2026

विष का प्याला

सत्ता का नशा जब सिर चढ़कर बोलता है, तब व्यक्ति स्वयं के निर्णयों को सर्वोपरि मानकर उचित-अनुचित का भेद भूल जाता है। दुर्योधन इस तरह की मनोवृत्ति का शिकार था जिसे ज्ञात नहीं था कि वो मद रूपी विष का प्याला पीता था।

रक्त से लथपथ शैल गात व शोणित सिंचित काया,
कुरुक्षेत्र की धरती  पर लेटा  एक  नर   मुरझाया।
अंग-अंग पर व्रण अंकित थे,भग्न पड़ी थी दृढ़ जंघा,
मानो मृण्मय घट हो कोई, टूट बिखर गई हो संज्ञा।।

जिस धरणी पर शासन करने का स्वप्न सँजोया था,
उसी धरा ने अन्तिम क्षण में निज अंक लगाया था।
जिनके बल पर गर्व किया था,वे श्वांस छोड़कर भागे,
स्वर्णिम सत्ता के स्वप्न सभी, काल  में बहकर भागे॥

भाग्य सबल जब मानव का कैसे करतब दिखलाता है ,
किचित जब दुर्भाग्य प्रबल तब क्या नर को हो जाता है।
कौन जानता था जिसकी आज्ञा से शस्त्र उठाते  थे ,
जब  वो चाहे  भीष्म द्रोण तरकस से वाण चलाते थे । 

सकल आर्यावर्त की सत्ता जिसके चरणों में रहती थी,
भानुमती जिसके जीवन की प्राण-सुधा बन बहती थी।
शत भ्राताओं का स्नेह-सबल, जिसका गौरव-धन सारा,
जरासन्ध सम मित्र,कर्ण-सा सखा, शक्ति-शौर्य का धारा॥

अन्ध-पिता धृतराष्ट्र का जो एकमात्र अवलम्बन था,
माता गान्धारी के उर का वह प्रियतम आलम्बन था।
जिसके संकेतों पर परिवर्तित होता था राजसिंहासन,
जिसकी आज्ञा पाकर रण में टूट पड़ता था दुःशासन।

राजमुकुट मस्तक पर शोभित,चरणों में साम्राज्य पड़ा,
अब कालचक्र की गति देखो, क्षण में सारा स्वप्न पड़ा।
जिन राजसभाओं में उसकी जय-जयकार सुनाई थी,
आज उसी के सम्मुख मृत्यु ने अपनी ध्वजा उठाई थी।

गज जब चलता है वन में शक्ति अक्षय लेकर तन में,
तब जो पौधे पड़ते  पग में धूल धूसरित होते क्षण में।
अहंकार की चर्बी जब आंखों पे फलित हो जाती है,
तब विवेक मर जाता है औ बुद्धि गलित हो जाती है।

क्या धर्म है क्या न्याय है सही गलत का ज्ञान नहीं,
जो चाहे वो करता था क्या नीतियुक्त था भान नहीं।
ताकत के मद में पागल था वो दुर्योधन मतवाला,
ज्ञात नहीं था दुर्योधन को वो पीता विष का प्याला।

No comments:

Post a Comment

My Blog List

Followers

Total Pageviews