Sunday, June 14, 2020

मन कहाँ है?



चीन का सम्राट अनगिनत जीत हासिल करके भी बहुत परेशान था। मन मे उठते हुए विचार उसके चितवन मे अनगिनत तरंगे पैदा कर रहे थे। उसकी आत्मा भीतर से बेचैन थी। वो जितना राज्यों पर जीत हासिल करता, उसके मन मे बेचैनी उतनी हीं बढ़ती चली जाती थी।

उसका राज्य जब छोटा था, जब उसे और बड़ा करने की बेचैनी थी। फिर जब साम्राज्य फैलता गया, उसे बड़े राज्य को संभालने की जरूरत आन पड़ी। अनेक शत्रुओं से राज्य को सुरक्षित करने की जिम्मेवारी जो अलग थी सो अलग। जितनी उसकी ताकत बढ़ती जाती, उसके शत्रु भी उसी रफ्तार से बढ़े जाते थे । 

बढ़ती हुई ताकत ने अनगिनत वासनाओं को जन्म दिया। धन , दौलत , प्रतिष्ठा, स्त्री सबका उपभोग उसने किया, पर शांति नहीं मिल पाई।वो शांति की प्राप्ति के लिए बेचैन था।

उन्हीं दिनों भारत के एक महान संत बोधिधर्म चीन पहुँचे हुए थे। उन्होंने अनगिनत लोगो को ईश्वर प्राप्ति के उपाय सुझाए थे। धीरे धीरे उनकी ख्याति चारो ओर फैलने लगी। 

ये खबर सम्राट के पास भी पहुंची।  उसने सुना कि भारत के एक महान संत बोधिधर्म चीन में आये हुए हैं और अनेक लोगो के मन में शांति स्थापित कर चुके हैं। सम्राट भी बोधि धर्म के पास पहुँचा। 

बोधिधर्म से सम्राट ने कहा, स्वामी मेरा मन बहुत परेशान है। इतने सारे राज्यों को जितने के बाद भी चित्त अशांत है। मेरे पास आज अपार संपदा है। दुनियां में सुख सुविधा के तमाम साधन मेरे पास उपलब्ध हैं। हर तरह की स्त्रीयाँ मेरे लिए प्रस्तुत है। पर जितनी संपदा है उतनी हीं अशांति। 

मन मे तमाम आशंका के बादल मंडराते रहते हैं। एक अलग सी बेचैनी रहती है। इसे शांत करने का उपाय बताईये। 

बोधिधर्म ने कहा, ठीक है। मै तुम्हारे मन को शांत कर सकता हूँ। लेकिन इसके लिए एक शर्त है। तुम्हें कल सुबह चार बजे मेरे पास आना होगा। लेकिन ध्यान रहे साथ मे कोई न हो। बिल्कुल अकेले आना है। 

सम्राट रात भर बेचैनी में करवटें बदलता रहा। रात भर नींद नहीं आई।जब सुबह सम्राट चार बजे पहुँचा तो उसने देखा कि बोधिधर्म के हाथ में एक डंडा है। सम्राट बड़ा आश्चर्य चकित हुआ। इस डंडे का भला क्या काम? मन मे तमाम प्रश्न आने के बावजूद उसने कुछ नहीं कहा। वो बोधि धर्म के आदेश सुनने को उत्सुक था।

बोधि धर्म ने सम्राट से पूछा:क्या तुम्हारा मन तुम्हें आज भी परेशान कर रहा है?

सम्राट ने कहा:हाँ महाराज, मेरा मन आज भी परेशान कर रहा है।

बोधिधर्म ने कहा:ठीक है, जरा ढूंढों तो, तुम्हारा मन कहाँ है? यदि मिले तो बताना। इस डंडे से मैं अभी शांत कर दूँगा।

सम्राट उलझन में पड़ गया। उसे समझ नहीं आ रहा था, मन को ढूंढे आखिर तो कहाँ? अंत मे  वो आँख बंदकर अपने मन को समझने की कोशिश करने लगा। वो जितना देखने की कोशिश करता, विचार तिरोहित होते चले जाते। धीरे धीरे वो विचार शून्यता की अवस्था मे पहुँच गया। जब उसने आँखें खोली, उसका मन शांत हो चुका था।

बोधिधर्म ने सम्राट को बताया: जब भी मन परेशान करें, साक्षी भाव मे स्थित हो जाओ। देखने की कोशिश करो, विचारों की श्रृंखला आखिर आ कहाँ से रही हैं। विचारों का प्रवाह अपने आप रुक जाएगा। सम्राट को उत्तर मिल चुका था। उसका चित्त शांत हो चुका था।

Monday, June 8, 2020

जीने की जिद पे मरने को बेताब भी



इन्सान की ये फितरत है अच्छी खराब भी,
दिल भी है दर्द भी है दाँत भी दिमाग भी ।
खुद को पहचानने की फुर्सत नहीं मगर,
दुनिया समझाने की  रखता है ख्वाब भी।

शहर को भटकता तन्हाई ना मिटती ,
रात के  सन्नाटों में रखता है आग भी।
पढ़ के हीं सीख ले ये चीज नहीं आदमी,
ठोकर के जिम्मे नसीहतों की किताब भी।

दिल की जज्बातों को रखना ना मुमकिन,
लफ्जों में  भर के पहुँचाता आवाज भी।
अँधेरों में छुपता है आदमी ये जान कर,
चाँदनी है अच्छी पर दिखते हैं दाग भी।

खुद से अकड़ता  है खुद से हीं लड़ता,
जाने जिद कैसी है  कैसा रुआब भी।
शौक भी तो पाले हैं दारू शराब क्या,
जीने की जिद पे मरने को बेताब भी।

Friday, June 5, 2020

जाके कोई क्या पूछे भी


जाके कोई क्या पूछे भी, आदमियत के रास्ते,
क्या पता कैसी हालातों से, गुजरता आदमी?
चुने किसको हसरतों, जरूरतों के दरमियाँ,
एक को कसता है तो, दूजे से पिसता आदमी।

ना चला है जोर खुद की, आदतों पे आदमी का,
बाँधने की जोर कोशिश, पर बिखरता आदमी।
गलतियाँ करना है फितरत, कर रहा है आदतन,
और सबक ये सीखना कि, बस बिफरता आदमी।

मानता है ख्वाब दुनिया, जानता है ख्वाब दुनिया,
पर अधूरी ख्वाहिशों का, ख्वाब रखता आदमी।
इस आदमी की हसरतों का, क्या बताऊँ दास्ताँ,
आग में जल खाक होकर, राख रखता आदमी।

Monday, June 1, 2020

अब गए काम से





अगर सच से बोले , तो गए काम से,
अगर हक से बोले, तो गए काम से।
लाला  को भाये जो, लहजे में सीखो ,
ना हो जी हुजूरी, तब  गए काम से।

कुक्कुर से पूछो  दुम कैसे हिलाना,
काम जो अधूरे याद रातों को आना,
उल्लू के जैसे हीं काम सारे रातों को,
करना जरूरी  अब गए काम से।

लाला  की बातों पर गर्दन हिलाओ,
मसौदा गलत हो सही पर बताओ ,
टेड़ी हो गर्दन  पर झुकना जरूरी,
है आफत मजबूरी अब गए काम से।

लाला की बातें  सह सकते नहीं ,
कहना जो चाहें कह सकते नहीं ,
सीने की बातें ना आती जुबाँ तक ,
खुद से बड़ी दुरी है गए काम से।

उम्मीद भी जगाता है लाला पर ऐसा,
मरू स्थल  के सूखे सरोवर के जैसा , 
आस भी अधूरी है प्यास भी अधूरी , 
कि वादों में विष है अब गए काम से।

My Blog List

Followers

Total Pageviews