Saturday, November 14, 2026

जो दुनिया को रचते रहते उनपे क्या आदेश फले ?

भगवान श्रीकृष्ण ने जानबूझकर कुछ इस प्रकार से शर्तें रखी कि दुर्योधन कुपित हो जाये , और हुआ भी दरअसल ऐसा हीं । दुर्योधन ने ना केवल भगवान श्रीकृष्ण  का शांति प्रस्ताव मना कर दिया , अपितु नाराज होकर वो भगवान श्रीकृष्ण को बांधने को भी तत्पर हो उठा। फिर आगे जो हुआ वो विस्मयकारी था।

शठ शकुनि से कुटिल मंत्रणा करके हरने को तैयार,
दुर्योधन समझा था उनको एक अकेला नर लाचार।
उसकी नजरों में ब्रज नंदन राज दंड के अधिकारी,
भीष्म नहीं कुछ कह पाते थे उनकी अपनी लाचारी।

धृतराष्ट्र विदुर जो समझाते थे उनका अविश्वास किया,
दु:शासन का मन भयकम्पित उसको यूँ विश्वास दिया।
जिन हाथों संसार फला था उन हाथों को हरने को,
दुर्योधन ने सोच लिया था ब्रज नन्दन को धरने को।

नभपे लिखने को लकीर कोई लिखना चाहे क्या होगा?
हरि पे धरने को जंजीर कोई रखना चाहे क्या होगा?
दीप्ति जीत हीं जाती है वन चाहे कितना भी घन हो,
शक्ति विजय हीं होता है चाहे कितना भी घन तम हो।

दुर्योधन जड़ बुद्धि हरि से लड़ कर अब पछताता था,
रौद्र कृष्ण का रूप देखकर लोमड़ सा भरमाता था।
राज कक्ष में कृष्ण खड़े जैसे कोई पर्वत अड़ा हुआ,
दुर्योधन का व्यूहबद्ध दल बल अत्यधिक डरा हुआ।

देहओज से अनल फला आँखों से ज्योति विकट चली,
जल जाते सारे शूर कक्ष में ऐसी द्युति निकट जली।
प्रत्यक्ष हो गए अन्धक तत्क्षण वृशिवंश के सारे वीर,
वसुगण सारे उर उपस्थित ले निज बाहू तरकश तीर।

रिपु भंजक की उष्ण नासिका से उद्भट सी श्वांस चले,

अति कुपित हो अति वेग से माधव मुख अट्टहास फले।

उनमें स्थित थे महादेव ब्रह्मा विष्णु क्षीर सागर भी ,

क्या सलिला क्या जलधि जलधर चंद्रदेव दिवाकर भी।

देदीप्यमान उन हाथों में शारंग शरासन, गदा , शंख ,

चक्र खडग नंदक चमके जैसे विषधर का तीक्ष्ण डंक।

रुद्र प्रचंड थे केशव में, केशव में यक्ष वसु नाग पाल ,

आदित्य अश्विनी इन्द्रदेव और दृष्टित सारे लोकपाल।

एक भुजा में पार्थ उपस्थित दूजे में सुशोभित हलधर ,

भीम ,नकुल,सहदेव,युधिष्ठिर नानादि आयुध गदा धर।

रोम कूप से बिजली कड़के गर्जन करता विष भुजंग,

क्या दुर्योधन में शक्ति थी जो दे सकता हरि को दंड?

परिषद कम्पित थर्रथर्रथर्र नभतक जो कुछ दिखता था ,

अस्त्र वस्त्र या शाश्त्र शस्त्र हो ना केशव से छिपता था।

धूमकेतु भी ग्रह नक्षत्र भी सूरज तारे रचते थे,

जल थल सकल चपल अचल भी यदुनन्दन में बसते थे।

कभी ब्रज वल्लभ के हाथों से अभिनुतन सृष्टि रचती,

कभी प्रेम पुष्प की वर्षा होती बागों में कलियां खिलती।

कहीं आनन से अग्नि वर्षा फलित हो रहा था संहार,

कहीं हृदय से सृजन करते थे इस जग के पालन हार।

जब वक्र दॄष्टि कर देते थे संसार उधर जल पड़ता था,

वो अक्र वृष्टि कर देते थे संहार उधर फल पड़ता था।

स्वासों का आना जाना सब जीवन प्राणों का आधार,

सबमें व्याप्त दिखे केशव हरिकी हीं लीलामय संसार।

सृजन तांडव का नृत्य दृश्य माधव में हीं सबने देखा,

क्या सृष्टि का जन्म चक्र क्या मृत्यु का लेखा जोखा।

हरि में दृष्टित थी पृथा हरी हरि ने खुद में आकाश लिया,

जो दिखता था था स्वप्नवत पर सबने हीं विश्वास किया।

देख विश्वरूप श्री कृष्ण का किंचित क्षण को घबराए,

पर वो भी क्या दुर्योधन जो नीति धर्म युक्त हो पाए।

लौट चले फिर श्री कृष्ण करके दुर्योधन सावधान,

जो लिखा भाग्य में होने को ये युद्ध हरेगा महा प्राण।

दुर्योधन की मति मारी थी न इतना भी विश्वास किया,

वो हर लेगा गिरधारी को असफल किंतु प्रयास किया।

ये बात सत्य है श्रीकृष्ण को कोई हर सकता था क्या?

पर बात तथ्य है दु:साहस ये दुर्योधन कर सकता था।

बंदी करने को इक्छुक था हरि पर क्या निर्देश फले ?

जो दुनिया को रचते रहते उनपे क्या आदेश फले ?


No comments:

Post a Comment

My Blog List

Followers

Total Pageviews