एक व्यक्ति अपनी वेश्यावृत्ति की प्रवृत्ति के कारण कुख्यात हो चुका था और उसकी पत्नी इस आदत से बहुत परेशान हो चुकी थी।
वेश्यावृत्ति व्यसन से आकुलित पीड़ित और परेशान,
व्यथित स्त्री ने आखिर में काटे निज पति के कान।
कान कटने के बाद वो व्यक्ति लज्जा के कारण गाँव से भाग कर दूसरे अपरिचित गाँव पहुंच गया।
पुरुष ग्रसित संताप से अतिशय,पकड़ाने जाने के भय से,
रात भाग के पहुँचा गाँव जहाँ नहीं कोई था परिचय।
बैठा फिर वृक्ष के नीचे, अविचल, अचल, दृढ़ कर निश्चय
उसके एक पेड़ के नीचे घ्यान करते हुए देखकर गाँव के लोग उसे महान संत समझने लगे और ईश्वर प्राप्ति के उपाय पूछने लगे ।
विस्मय फैला गाँव में ऐसे,आया कोई शक्तिपुंज अक्षय।
हे ज्ञानी हे पुरुष महान,अब तो तोड़ो अपने ध्यान,
यदि पाया है ईश्वर तूने,जरा बता दो वो विज्ञान।
तब उस ढोंगी ने सबको कान कटवाने को कहा और इसके लिए ये तर्क बताया।
कहा पुरुष ने विषय गुप्त है,पर योगी ये अति तुष्ट है,
यही कान है आधा बाधा,तेरे कान से ईश्वर रुष्ट है।
सब व्यसनों का यही है मूल,प्रभु राह का काँटा शूल,
अभी कली हो, अविकसित हो,बन सकते हो तुम सब फूल।
ओ संसारी, ओ व्यापारी,ओ गृहस्थ, भोले नादान,
परम ब्रह्म तो माँगे तुमसे,तेरे कानों के बलिदान।
उसके कहने पर सबने कान कटवा लिये, फिर भी किसी को ईश्वर प्राप्त नहीं हुआ। गाँव के सारे लोग उस ढोंगी से अपनी शंका का समाधान करने के लिए उसके पास पहुंचे।
सुन के संत की अमृत वाणी,मंद बुद्धि व ज्ञानी मानी,
कटा लिए फिर सबने कान,क्या भोले और क्या अभिमानी।
पर ईश्वर ना मिला किसी को,ज्ञात हुआ न फल किसी को
अधम के मुख पे थी मुस्कान,जो विश्वासियों छला उसी को।
तब उसने कहा कि कान कटवाने से ईश्वर नहीं मिलता,किंतु बाकी सब लोगों का भी कान कटवा दोगे तो कोई तुम्हारा उपहास नहीं कर पाएगा। कोई और उपाय न देखकर उसके अनुयायी बाकी लोगों को भी जोड़ने लगे और कन कटवे लोगों की फौज बढ़ने लगी और कन कटवा धर्म स्थपित हो गया .
कर्ण क्षोभ से मिलती पीड़ा और मिलता जग-हास,
तुम औरों को भी पकड़ो गर बचना हो उपहास।
मन में लेके अतिशय पीड़ा और ले दिल में हाय,
गाँव वाले सब निकल पड़े,ना देख के और उपाय।
कान-कटों की बढ़ी भीड़ तब,वो ईश्वर का लोभ,
इसी तरह बढती जाती थी कन कटवों की फ़ौज।
और इसी तरह धरती पे होती नए धर्म की खोज।
No comments:
Post a Comment