Friday, April 28, 2023

हिंदू कौन

हिंदू कौन,
क्या कोई पंथ या मजहबी विकृति है?
नहीं, गठजोड़ है संस्कृतियों का ,ये सबकी स्वीकृति है।
हिंदू वो भी हैं जो भगवान को मानते हैं,
हिंदू वो भी हैं जो भगवान को ना मानते है,
और वो भी जो खुद को हिंदू नहीं मानते हैं।
यहां योगी के लिए योग तो भोगी के लिए भोग है ,
भक्ति,नृत्य, ज्ञान,तंत्र, मदिरा भी ना अवरोध है।
तभी तो इसमें हैं कृष्ण भी शिव भी ,प्रभु राम भी,
चार्वाक भी इसी में तो खानखाना रहमान भी।
बुद्ध , गोरख, कबीर ,नानक, इसमें रविदास भी,
महावीर, साईबाबा , तो मीरा, सूरदास भी।
आदमी तो आदमी पत्थर का भी उपयोग है,
मतों में है विरोध पर विरोध में सहयोग है।
जिसमें शामिल हैं सब जो सबमें युक्त है,
हिंदुत्व कोई बंधन नहीं ये सर्वबंधन मुक्त है।

अजय अमिताभ सुमन

Sunday, April 23, 2023

हवाओं पर कोई कहानी लिखूं,


हवाओं पर कोई  कहानी लिखूं,

अपनी मैं क्यों जिंदगानी लिखूं?

लहरें क्या सागर में बनना बिछड़ना है ,

मिट्टी का जीवन मिट्टी में बिखरना है,

हंसना कभी रोना निखरना बिफरना,

है जन्मों की आदत पुरानी लिखूं?

हवाओं पर कोई कहानी लिखूं,

अपनी मैं क्यों जिंदगानी लिखूं?


अजय अमिताभ सुमन

Saturday, April 8, 2023

बाजार में मिला नहीं

 तू भी क्या चीज है कि 

नाम का गिला नहीं,

शोहरत  की दौड़ में थे 

सब तू हिला नहीं।


नफासत के पीछे 

कुछ विरासत के पीछे ,

कुछ रोजी और रोटी 

सियासत  के पीछे।


एक तू है कि नाम ना 

काम की  फिकर है,

बदनाम भी है पूरा 

फिर भी बेफिकर है?


रियासत की दौड़ में थे 

सब तू मिला नहीं,

माजरा ये क्या है  

बाजार में  हिला  नहीं?


अजय अमिताभ सुमन

सर्वाधिकार सुरक्षित

Saturday, April 1, 2023

भाप बना पानी सागर से

=====
पानी का स्वभाव है ऊपर से नीचे को बहना। आप पानी को कहीं भी रख दें, वो सर्वदा नीचे की ओर बहता है, फिर चाहे वो नदिया हो या कि झरना। पानी को अपने स्वभाव से विपरित दिशा में , यानी कि नीचे से ऊपर ले जाने में अथक परिश्रम करने पड़ते हैं, फिर चाहे कि वो नीचे से छत पर हीं ले जाना क्यों ना हो। लेकिन मिट्टी का जल पौधों में जड़ों द्वारा खींचकर पत्तों पर ले जाना कैसे संभव हो पाया? आखिर कौन सी वो शक्ति है जो पौधों में पानी को अपने स्वभाव के विपरित दिशा में , अर्थात नीचे से ऊपर की ओर जाने को बाध्य करती है?
=====
भाप बना पानी सागर से
बादल पर ले जाता कौन
=====
भाप बना पानी सागर से, 
बादल पर ले जाता कौन?
और भाप को बुंद बना फिर,
सागर में बरसाता कौन?
=====
छत से  तल को नीचे पानी ,
बहते बहते खुद हीं जाय,
किंतु ऊपर छत को पानी ,
चढ़े नहीं बिन किए उपाय।
=====
क्योंकि नीचे से पानी खुद ,
ना ऊपर को  चढ़ पाता है,
श्रम करने पड़ते कितने पानी ,
से तब नर लड़ पाता है।
=====
पर अज्ञात पेड़ में कैसे, 
पानी पत्तों  पर गढ़ जाए?
मिट्टी का पानी जड़ से ये, 
कैसे ऊपर को चढ़ पाए?
=====
नीचे से ऊपर को पानी,  
पौधों में रख आता कौन?
भाप बना पानी सागर से,
बादल पर ले जाता कौन?
=====
और भाप को बुंद बना फिर,
सागर में बरसाता कौन?
=====
अजय अमिताभ सुमन:
सर्वाधिकार सुरक्षित 
=====

Monday, March 13, 2023

एक केंद्र में कर स्थापित


=====
सौर मंडल को रचना कितनी व्यवस्थित है। एक केंद्र में सूर्य स्थापित और अनगिनत समय से अपने अपने कक्ष में सूर्य की परिक्रमा करते हुए इसके ग्रह। आखिर कौन सी वो शक्ति है जो अनगिनत समय सूरज के चारों तरफ ग्रहों को व्यवस्थित तरीके से एक हीं कक्ष में परिक्रमा करवा रही है? आखिर कौन है सौर मंडल की सुव्यवस्था का आधार?
=====
एक केंद्र में कर स्थापित
=====
एक केंद्र में कर स्थापित ,
दिनकर को रख आता कौन?
पृथ्वी, मंगल , बुध, शुक्र को,
वृत्त में गोल घुमाता कौन?
=====
निशा बाद प्रात को लाता,
रजनी में हिमकर चमकाता,
जभी आर्त्त हो धरा पुकारे,
जलधर से पानी बरसाता।
=====
अगर हमे ना कोई उठाये,
सुप्ति से ना हमें जगाए ,
शयन कक्ष की सुस्ती में रहते,
हमको ना कोई बताए।
=====
पर सदियों से उठा उठा कर ,
खग को प्रतिदिन बता बता कर,
सूरज को नित रोज जगा कर,
प्राची से ले आता कौन?
=====
एक केंद्र में कर स्थापित ,
दिनकर को रख आता कौन?
पृथ्वी, मंगल , बुध, शुक्र को,
वृत्त में गोल घुमाता कौन?
=====
अजय अमिताभ सुमन
सर्वाधिकार सुरक्षित

Wednesday, March 8, 2023

दिनकर की दीप्ति को आखिर

 


ईश्वर की शक्ति असीम और अपरम्पार है। सूरज की रोशनी आखिर धरती पर कैसे पहुंचती है। धरती अनेक मौसम आते हैं। परंतु उनको बारी बारी से एक क्रम में कौन लाता है? धरती को और सौर मंडल के अनेक तारों और ग्रहों को कौन थामे रहता है? आखिर कौन है वो शक्ति?ईश्वर की असीम शक्ति को रेखांकित करती हुई कविता।

=====

दिनकर की दीप्ति को आखिर,

अवनि पर पहुंचाता कौन?

शीत ग्रीष्म वृष्टि को क्रम से,

एक एक कर लाता कौन?

=====

एक अहन को तृण हस्त में,

रख पाना ना आसां है,

किंतु उसकी पाणि में शशि ,

मुष्टि में कहकशाँ है?

=====

दिनकर को रचता अंतर में,

तारों को धरता अंदर में,

ग्रह को रखता जो अभ्यंतर,

परम तत्व वो शक्ति कौन?

=====

दिनकर की दीप्ति को आखिर,

अवनि पर पहुंचाता कौन?

शीत ग्रीष्म वृष्टि को क्रम से,

एक एक कर लाता कौन?

=====

अजय अमिताभ सुमन

सर्वाधिकार सुरक्षित

=====

Sunday, February 26, 2023

रोजी रोटी के क्या दाने


=====
एक व्यक्ति इस जीवन में आया है तो जीवन को चलाने के लिए जीवन पर्यंत उसे अथक प्रयास भी करने पड़ते हैं। लेकिन इस जीवन पर्यंत अथक परिश्रम करने के चक्कर में आदमी पूरा का पूरा घनचक्कर बन जाता है। इसी विषय वस्तु पर आधारित प्रस्तुत है हास्य व्ययंगात्मक कविता , रोजी रोटी के क्या दाने, खाने बिन खाने पछताने।
=====
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
रोजी रोटी के चक्कर में,
साहब कैसे बीन बजाते,
भैंस चुगाली करती रहती,
राग भैरवी मिल सब गाते,
माथे पर ताले लग जाय, 
मंद बुद्धि बंदा बन जाय ,
और लोग बस देते ताने,
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
रोजी रोटी चले हथौड़े,
हौले माथे सब बम फोड़े,
जो भी बाल बचे थे सर पे,
एक एक करके सब तोड़े,
कंघी कंघा काम न आए,
तेल ना कोई असर दिखाए,
है माथे चंदा उग आने,
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
कभी सांप को रस्सी समझे,
कभी नीम को लस्सी समझे ,
जपते जपते रोटी रोटी,
क्या ना करता छीनखसोटी,
प्रति दिन होता यही उपाए,
किसी भांति रोटी आ जाए,
देखे रस्ते या अनजाने, 
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
रोजी रोटी सब मन भाए,
ना खाए तो  जी ललचाए,
जो खाए तो जी जल जाए,
छुट्टी करने पर शामत है,
छुट्टी होने पर आफत है,
बिन वेतन ना शराफत है,
यही खुशी भी गम के ताने ,
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
या दिल्ली हो या कलकत्ता,
सबसे ऊपर मासिक भत्ता,
आंखो पर चश्मा  खिलता है,
चालीस में अस्सी दिखता है,
वेतन का बबुआ ये चक्कर ,
पूरा का पूरा घनचक्कर,
कमर टूटी जो चले हिलाने,
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
रोटी ऐसा दिन दिखलाती,
अनजाने में भी नचवाती,
फटी जेब फिर भी भगवाती,
रोजी के आपा धापी ने,
गुल खिलवाया ऐसा भी कि,
कहने को तो शहर चले थे,
पर साहब जा पहुंचे थाने,
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
रोजी रोटी के क्या दाने,
खाने बिन खाने पछताने।
=====
अजय अमिताभ सुमन
सर्वाधिकार सुरक्षित 
=====

Sunday, February 5, 2023

ठंडी क्या आफत है भाई


ठंडी क्या आफत है भाई ,
सर पे टोपी बदन रजाई ,
भूले सारे  सैर सपाटा ,
गलियों में कैसा सन्नाटा,
दादी का कैसा खर्राटा, 
जैसे कोई धड़म पटाखा ,
पानी से तब हाथ कटे है , 
जब जब आटा हाथ सने है,
भिंडी लौकी कटे ना भाई ,
सर पे टोपी बदन रजाई ,
ठंडी क्या आफत है भाई।

भूल गए सब चादर वादर, 
कूलर भी ना रहा बिरादर,
क्या दुबले क्या मोटे तगड़े ,
एक एक कर सबको  रगड़े,
थर थर थर थर कंपते गात ,
और मुंह से निकले भाप , 
बाथ रूम को जब भी जाते,
बूंद बूंद से बच कर जाते, 
मौसम ने क्या ली अंगड़ाई,
सर पे टोपी बदन रजाई ,
ठंडी क्या आफत है भाई।

ऐ.सी.ने फुरसत पाई है, 
कूलर दीखते हरजाई है ,
बिस्तर बिस्तर छाई आलस, 
धूप बड़ी दिल देती ढाढ़स,   
कुहासा अम्बर को छाया ,
गरम चाय को जी ललचाया,
स्वेटर दास्ताने तन भाए ,
कि मन भर भर भर को चाहे ,
गरम पकौड़े ,गरम कढ़ाई ,
सर पे टोपी बदन रजाई ,
ठंडी क्या आफत है भाई।

सन सन सन हवा जो आती,
कानों को क्या खूब सताती ,
कट कट कट दांत बजे जब,
गरम आग पर हम तने  तब,
चाचा चाची काका काकी,
साथ बैठ कर घुर तपाते,
राग बजाते एक सुर में,
बैठे बैठे मिल सब गाते,
इससे बड़ी ना विपदा भाई,
सर पे टोपी बदन रजाई ,
ठंडी क्या आफत है भाई।

अजय अमिताभ सुमन:
सर्वाधिकार सुरक्षित 

Sunday, January 15, 2023

फिर से सतयुग भू पर लाओ


विधी न्याय संकल्प प्रलापित,
किंतु कैसा कल्प प्रकाशित?
दुर्योधन का राज चला है,
शकुनि पाशे को मचला है।

एकलव्य फिर हुआ उपेक्षित,
अंधे का साम्राज्य फला है।
जब पांचाली वस्त्र हरण हो,
अभिमन्यु के जैसा रण हो।

चक्रव्यूह कुचक्र रचा कर,
एक रथी का पुनः मरण हो।
धर्मराज पाशे के प्यासे,
लिप्त भोग के संचय में।

न्याय नीति का हुआ विस्मरण,
पड़े विदुर अति विस्मय में।
अधर्म हीं आज  रीत है,
न्याय तराजू मुद्रा क्रीत है।

भीष्म सत्य का छद्म प्रवंचन,
द्रोण माणिक पर करे हैं नर्तन।
धृष्ट्र राष्ट्र तो है हीं अंधे,
कुटिलों के हीं चलते धंधे।

फिर भी अबतक आस वही है ,
हाँ तुझपर विश्वास वही है।
हम  तेरे हीं  दर पर  जाते,
पर दुविधा में हम पड़ जाते।

क्योंकि पाप अनल्प बचा है,
ना कोई विकल्प बचा है।
नीति युक्त ना क्रियाकल्प है,
तिमिर घनेरा आपत्कल्प है।

दिग दिगंत पर अबला नारी,
नर पिशाच के हाथों हारी।
हास लिप्त हैं अत्याचारी,
दुःसंकल्प युक्त व्यभिचारी।

संशय तब संभावी होता,
निःसंदेह प्रभावी होता।
धर्मग्रंथ के अंकित वचनों,
का परिहास स्वभावी होता।

आखिर क्यों वचनों को मानें,
बात लिखी उसको सच जाने।
आस कहां  हम करें प्रतिष्ठित,
निज चित्त में ये प्रश्न अधिष्ठित।

जिस न्याय की बात बता कर,
सत्य हेतु विध्वंस रचा कर।
किए कल्प का जो अभियंत्रण , 
वही कल्प दे रहा निमंत्रण।

हे कृष्ण हे पार्थ सारथी,
सकल विश्व के परमारथी।
आर्त हृदय से धरा पुकारे,
धरा व्याप्त है आज स्वारथी।

नीति पुण्य का जब क्षय होगा,
और अधर्म का जब जय होगा।
तुम कहते थे तुम आओगे ,
कदाचार क्षय कर जाओगे।

कुत्सित आज आचार बड़ा है,
दु:शासन से आर्त धरा है।
कहाँ न्याय है कहाँ धर्म है?
दुराचार पथभ्रष्ट कर्म है।

क्या इतना नाकाफी तुझको,
दिखती  नाइंसाफी तुझको?
दुष्कर्मी व्यापार फला जब,
किसका इंतज़ार भला अब?

तेरे कहे धर्म क्षय कब होता,
पापाचार का कब जय होता?
और कितने दुष्कर्म फलेंगे,
तब जाके तेरे पांव  पड़ेंगे?

कान्हा आखिर कब आओगे?
बात कही जो कर पाओगे।
अति त्रस्त हम हमें बचाओ ,
धर्म पताका फिर फहराओ।

नीति न्याय का जो आलापन,
था उसका कुछ लो  संज्ञापन।
वचनों में संकल्प दिखाओ,
फिर से सतयुग भूपर लाओ।

अजय अमिताभ सुमन

Sunday, January 8, 2023

चीन और महाभारत


यदि कोई आपसे कहे कि महाभारत काल में चीन भी भारत का अंग था , तो क्या आप इस बात पर भरोसा कर सकेंगे? लेकिंन महाभारत में इस बात का जिक्र आता है कि स्वयं भगवान श्रीकृष्ण इस बात की पुष्टि करते हैं कि चीन का सम्राट युद्धिष्ठिर के राजसूय यज्ञ में उनकी अधीनता स्वीकार करते हुए आया था। यहाँ तक कि राजा मान्धाता भी इस बात की पुष्टि करते हैं चीन भारत का अंग था। महाभारत के आदि पर्व , सभा पर्व , वन पर्व , उद्योग पर्व , भीष्म पर्व और शांति पर्व में चीन का जिक्र आता है। आइये एक एक कर  सारे घटनाक्रमों को देखते हैं । 

चीन का सर्वप्रथम जिक्र महाभारत के आदि पर्व में आता है । आदि पर्व के चैत्र रथ पर्व में इस बात का जिक्र आता है कि अर्जुन से चैत्र रथ नामक गन्धर्व का युद्ध होता है। जब गन्धर्व ही अर्जुन से हार हो जाती है तब वो अर्जुन से मित्रता करके अनेक कहानियां बताता है । इसी घटना क्रम में अर्जुन को ताप्ती नंदन कहकर संबोधित करता है , तो इसी दौरान विश्वामित्र और वशिष्ठ के बीच लड़ाई का भी जिक्र करता है । जब गन्धर्व विश्वामित्र और वशिष्ठ के बीच की लड़ाई का वर्णन करता है तब बताता है कि कैसे नंदिनी गाय ने क्रुद्ध होकर अनेक देशों को जन्म दिया और उनमें से एक चीन भी था । इस घटनाक्रम को विस्तारपूर्वक देखते हैं।

चीन का वर्णन महाभारत में दूसरी बार सभा पर्व के दिग्विजय पर्व में आता जब अर्जुन भारतवर्ष के उत्तर भाग स्थित प्रदेशों का दौरा करते हैं और इन प्रदेशों को जीतते चले जाते हैं। इसी क्रम में अर्जुन का प्रागज्योतिनरेश राजा भागदत्त के साथ युद्ध का वर्णन है। जब राजा भागदत के प्रदेश का वर्णन किया किया है वहीं पर इसके सीमावर्ती प्रदेशों में एक चीन का भी वर्णन किया गया है।

चीन का तीसरी बार जिक्र स्वयं भगवान श्रीकृष्ण के मुख से किया है जो कि वन पर्व के इंद्र लोक गमन पर्व में उद्धृत है। कौरवों द्वारा जुए में हार जाने के बाद जब पांडव वन में जाने को बाध्य हो जाते हैं तब भगवान श्रीकृष्ण उनसे मिलने आते हैं। यहां पर श्रीकृष्ण बताते है कि कैसे राजसूय यज्ञ में चीन का राजा भी  युद्धिष्ठिर के रसोइ में आया था। छल द्वारा धर्मराज का राज्य छीन लिया गया था इसी कारण श्रीकृष्ण आगे प्रतिज्ञा भी करते हैं कि वो पांडवों को उनका छीना हुआ राज्य वापस दिला देंगे।

चीन का चौथी बार जिक्र उद्योग पर्व के भगवदयान पर्व  में आता है। जब श्रीकृष्ण संधि का प्रस्ताव लेकर जाने वाले होते हैं तब भीम उन्हें आगाह करते हैं। दुर्योधन की क्रोधपूर्ण वृत्ति से आगाह करते हुए श्रीकृष्ण से कटु बातें नहीं करने की सलाह भी देते हैं। अपनी बात को देखने के लिए भीम श्रीकृष्ण को 16 राजवंशों का नाम भी बताते हैं और ये भी चेताते  हैं कि कैसे उन वंशों के राजाओं द्वारा पूरे वंश का सर्वनाश किया गया। इसी प्रक्रम में भीम द्वारा चीन के एक राजवंश का वर्णन किया गया है। 

चीन का पांचवी बार जिक्र भीष्म पर्व के भूमि पर्व में आता है जब धृतराष्ट्र के पूछने पर संजय  दुर्योधन द्वारा अधीन पूरे भारतवर्ष का वर्णन करते है। यहीं पर  पर संजय पुरे भारत वर्ष का वर्णन करते हैं और चीन को दुर्योधन द्वारा शासित प्रदेशों में से एक प्रदेश बताते हैं।

चीन का छठी बार जिक्र महाभारत के शांति पर्व के राजधार्मनुशासन पर्व  में आता है। युद्ध खत्म होने के बाद जब भीष्म पितामह अपने शरीर का त्याग नहीं करते हैं और सूर्य के उत्तरायण होने का इंतजार करते हैं तब युद्धिष्ठिर उनसे जाकर जीवन की शिक्षा लेते हैं । इसी प्रक्रम में जब युद्धिष्ठिर भीष्म पितामह  से राजधर्म के बारे में पूछते हैं , तब भीष्म उन्हें राजा मान्धाता और इंद्र के बीच हुए संवाद का वर्णन करते हैं। इसी संवाद में राजा मांधाता द्वारा चीन को अपने द्वारा शासित प्रदेशों में से एक बताया गया है।

यद्यपि महाभारत के वनपर्व के अजगर पर्व की एक और घटना है जहां पर राजा सुबाहु के हिम प्रदेश का वर्णन आता है, फिर भी चीन शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया है। पांडवों के गंद मादन , बदरिकाश्रम , सुबहुनगर में प्रवेश का वर्णन किया है । बाद  की घटनाओं में भीम के पूर्वज राजा नाहुष द्वारा, जो कि एक अजगर बन गए थे, भीम को जकड़ने तथा युधिष्ठिर द्वारा उस अजगर बने नाहुष के प्रश्नों का उत्तर देने के बाद भीम के बंधन मुक्त होने का वर्णन किया गया है। इसी क्रम में  सुबाहु के हिम प्रदेश का वर्णन है जिसे कुछ अन्य किताबों में चीन के नाम से संबोधित किया गया है।

इस प्रकार हम देखते हैं कि चीन का वर्णन महाभारत में लगभग 7 स्थानों पर वर्णन आता है। इन उल्लेखों से एक बात तो साफ जाहिर हो जाता है कि न केवल भगवान श्रीकृष्ण, भीम , अर्जुन, चित्र रथ नामक गंधर्व, संजय, भीष्म पितामह, युधिष्ठिर बल्कि राजा मांधाता और इंद्र इन सबको चीन के बारे में जानकारी थी। इन उल्लेखों से ये भी साबित होता है कि चीन कभी ना कभी वृहद भारत का हिस्सा रहा था और इसकी सीमा केवल चीन ही नहीं, अपितु आज के पाकिस्तान, अफगानिस्तान, यवन ,ईरान , उज़्बेकिस्तान आदि स्थानों तक फैला हुआ था।

अजय अमिताभ सुमन 

Saturday, December 24, 2022

किवाड़ खा गई


=====
सबूत भी गवाह भी
किवाड़ खा गई,
जालिम ये दीमक सारी,  
मक्कार खा गई।
=====
हराम की थी  रातें, 
छिपी सी मुलाकातें ,
किसने खिलाये क्या गुल,
गुमनाम सारी बातें।
=====
आस्तीन में छुपे हुए, 
गद्दार खा गई ,
जालिम ये दीमक सारी, 
मक्कार खा गई।
=====
जिस रोड के थे चर्चे , 
जिस पर हुए थे खर्चे ,
लायें कहाँ से उसको , 
लिख लिख भरे थे पर्चे।
=====
कि झूठ पर फले सब , 
रोजगार खा गई,
जालिम ये दीमक सारी,  
मक्कार खा गई।
=====
फाइल में बन पड़ी थी , 
चौपाल की जो बातें,
ना ब्रिज वो दिखती है , 
बस नाम की हीं बातें।
=====
दफ्तर के  काले चिट्ठे ,
कारोबार खा गई,
जालिम ये दीमक सारी,  
मक्कार खा गई।
=====
अजय अमिताभ सुमन
=====

Sunday, December 18, 2022

खबर हादसे की


खबर का मुख्य उद्देश्य समाज में विश्वास , आस्था और भाईचारे की नींव को मजबूत करना होता है ना रोष , नफरत और दहशत की अग्नि को फैलाना । परंतु क्या वर्तमान समय में पत्रकारिता के संदर्भ यही बात कही जा सकती है ? यदि कोई हादसा , घटना या दुर्घटना समाज के बड़े तबके में सनसनी पैदा करने में सक्षम नहीं है तब भी क्या वो आजकल अखबार में छप जाने के काबिल हो सकती है? पत्रकारिता का ध्येय येन केन प्रकारेण स्वयं के उत्थान के लिए चटपटी खबरें बनाना और फैलाना नहीं अपितु  राष्ट्र के हित में कटु सत्य को सामने लाना है होता है जो कि वर्तमान समय में लगभग लुप्तप्राय हीं है। नकारात्मक पत्रकारिता पर व्ययंगात्मक रूप से चोट पहुंचाती हुई प्रस्तुत है मेरी कविता "खबर हादसे की"।

ना माथे पर शिकन कोई,
ना रूह में कोई भय है,
ना दहशत हीं फैली ,
ना हिंसा परलय है
हादसा हुआ तो है,
लहू भी बहा मगर,
खबर भी बन जाए,
अभी ना तय है,
माहौल भी नरम है,
अफवाह ना गरम है,
आवाम में अमन है, 
कोई रोष ना भरम है,
बिखरा नहीं चमन है , 
अभी आंख तो नरम है
थोड़ी बात तो बढ़ जाए,
थोड़ी आग तो लग जाए,
रहने दो खबर बाकी,
रहने दो असर बाकी, 
लोहा जो कुछ गरम हो,
असर तभी चरम हो,
ठहरो कि कुछ पतन हो ,
कुछ राख में वतन हो, 
अभी खाक क्या मिलेगा,
खबर में कुछ भी दम हो,
अखबार में आ जाए,
अभी ना समय है,
सही ना समय है,
सही ना समय है।

अजय अमिताभ सुमन

Sunday, December 4, 2022

गदा हनुमान जी की



हनुमान जी का चरित्र आम जन मानस में एक प्रभु श्री राम भक्त, ज्ञानी और अति शक्तिशाली योद्धा के रूप में व्याप्त है। उन्हें पूज्यनीय ऐसे हीं नहीं माना जाता है।

एक शक्तिशाली योद्धा के रूप में उनके पास हथियार की परिकल्पना करना कोई अतिशयोक्ति नहीं हैं।जाहिर सी बात है जब बात उनके पराक्रम को करनी हो तो उनके महान शक्तिशाली गदा को कोई कैसे भूल सकता है। 

लगभग हरेक कथाओं में हनुमान जी को गदा के साथ हीं दिखाया जाता है। अगर उनके पास गदा था तो उन्होंने युद्ध के समय गदा का प्रयोग किया हीं होगा। 

अगर उनके पास गदा होगी तो रावण के साथ भीषण युद्ध में उसका इस्तेमाल जरुर किया होगा । देखने वाली बात ये है कि वाल्मिकी रचित रामायण में महावीर जी द्वारा गदा के प्रयोग करने का जिक्र आता है कि नहीं?

जब हनुमान जी के साथ अकम्पन का युद्ध होता है, तब वो वृक्ष का उपयोग करते है। एक वृक्ष को हथियार के रूप में चलाकर अकमपन का वध करते हैं।

रावण और हनुमान जी के साथ जब युद्ध होता है तब रावण के द्वारा चलाए गए हथियार के प्रतिउत्तर में वो उसे जोर से थप्पड़ मारते हैं।

एक समय रावण द्वारा लक्ष्मण घायल कर दिए जाते हैं। फिर रावण जब लक्ष्मण जी को उठाने की कोशिश करता है तब हनुमान जी उसे जोर से घुसा मारकर हटा देते हैं।

इसी प्रकार निकुंभ नामक राक्षस का वध उसके सर को अपने हाथों द्वारा मरोड़कर कर देते है। तो दूसरी ओर मेघनाद के साथ युद्ध में हनुमान जी एक शिलाखंड का प्रयोग करते हैं।

 वाल्मिकी रामायण में हनुमान जी द्वारा राम रावण युद्ध में भाग लेने की इन घटनाओं का निरीक्षण करते हैं तो हम पाते हैं कि कहीं भी हनुमान जी गदा के प्रयोग करने की बात सामने नहीं आती है। 
 
लगभग हर जगह वो अपने हाथों ,मुक्कों, पेड़ , शिला , पहाड़  और अपनी शारीरिक शक्ति का ही प्रयोग करते दिखते हैं। 

उनके द्वारा कहीं भी गदा के इस्तेमाल करने का वर्णन नहीं है।इन सब बातों से ये प्रतीति होती हैं कि हनुमान जी के पास कोई गदा थी हीं नहीं। 

जाहिर सी बात है , जो योद्धा अपनी शिशु अवस्था में हीं सूर्य को फल समझ कर आकाश में 400 योजन की छलांग लगा सकता था , उसे भला किसी गदा की जरूरत हो भी कैसे सकती थी ?

अजय अमिताभ सुमन:सर्वाधिकार सुरक्षित 

Sunday, November 20, 2022

दुर्योधन कब मिट पाया :भाग :41


=====
दुर्योधन ने अपने अनुभव पर आधारित जब इस सत्य का उद्घाटन किया कि अश्वत्थामा द्वारा लाए गए वो पांच कटे हुए नर मुंड पांडवों के नहीं है, तब अश्वत्थामा को ये समझने में देर नहीं लगी कि वो पाँच कटे हुए नरमुंड पांडवों के पुत्रों के हैं। इस तथ्य के उदघाटन होने पर एक पल को तो अश्वत्थामा घबड़ा जाता है,  परंतु अगले ही क्षण उसे ये बात धीरे धीरे समझ में आने लगती है कि भूल उससे नहीं अपितु उन पांडवों से हुई थी जिन्होंने अश्वत्थामा जैसे प्रबल शत्रु को हल्के में ले लिया था। भले हीं अश्वत्थामा के द्वारा भूल चूक से पांडवों के स्थान पर उनके पुत्रों का वध उसके हाथों से हो गया था , लेकिन उसके लिए ये अनपेक्षित और अप्रत्याशित फल था जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी। प्रस्तुत है मेरी कविता "दुर्योधन कब मिट पाया का इकतालिसवां भाग।
=====
मृदु मस्तक पांडव के कैसे,
इस   भांति   हो  सकते  हैं?
नहीं किसी योद्धासम दृष्टित्,
तरुण तुल्य हीं  दीखते हैं।
=====
आसां ना संधान  लक्ष्य हे,
सुनो  शूर  हे रजनी  नाथ,
अरिशीर्ष ना हैं निश्चित हीं,     
ले आए जो अपने   साथ।
=====
संशय के वो क्षण थे कतिपय , 
कूत मात्र ना  बिना  आधार ,
स्वअनुभव प्रत्यक्ष आधारित,
उदित मात्र ना वहम विचार।
=====
दुर्योधन का कथन सत्य था, 
वही तथ्य    था   सत्यापित।
शत्रु का ना हनन हुआ निज,
भाग्य  अन्यतस्त्य स्थापित।
=====
द्रोण पुत्र को ज्ञात हुआ जब,
उछल पड़ा था भू  पर  ऐसे ,
जैसे  आन पड़ी  विद्युत हो,
उसके हीं मस्तक पर जैसे।
=====
क्षण को पैरों के नीचे की
अवनि कंपित  जान पड़ी ,
दिग दृष्टित निजअक्षों के जो,
शंकित शंकित भान पड़ी।
=====
यत्किंचित पांडव जीवन में
कतिपय भाग्य प्रबल  होंगे,
या उसके  हीं कर्मों के फल,
दोष  गहन  सबल होंगे।
=====
या उसकी प्रज्ञा  को  घेरे,  
प्रतिशोध  की  ज्वाला थी,
लक्ष्यभेद ना कर पाया था,
किस्मत में  विष प्याला थी।
=====
ऐसी भूल हुई  थी  उससे ,
क्षण को ना विश्वास हुआ,
भूल चूक  सी  लगती थी,  
दोष बोध अभिज्ञात हुआ।
=====
पलभर  को  हताश हुआ था,
पर संभला  अगले   पल   में ,
जो कल्पित भी ना कर पाया,
प्राप्त हुआ उसको फल में।
=====
धर्मराज ने उस क्षण  कैसे,  
छल का था व्यापार किया, 
सही हुआ वो जिंदा है  ना,
सरल मरण संहार   हुआ।
=====
पिता नहीं तो पुत्र सही,
उनके दुष्कर्म फलित होंगे,
कर्म फलन तो होना था पर,
ज्ञात नहीं  त्वरित होंगे।
=====
अजय अमिताभ सुमन:
सर्वाधिकार सुरक्षित
=====

Sunday, November 13, 2022

दुर्योधन कब मिट पाया:भाग:40



दुर्योधन बड़ी आशा के साथ अश्वत्थामा के हाथों से पांच कटे हुए सर को अपने हाथ लेता है और इस बात की पुष्टि के लिए कि कटे हुए वो पांच सरमुंड पांडवों के हीं है, उसे अपने हाथों से दबाता है। थोड़े हीं प्रयास के बाद जब वो पांचों सरमुंड दुर्योधन की हाथों में एक पपीते की तरह फुट पड़ते हैं तब दुर्योधन को अश्वत्थामा के द्वारा की गई गलती का एहसास होता है। दुर्योधन भले हीं पांडवों के प्रति नफरत की भावना से भरा हुआ था तथापि उनकी शारीरिक शक्ति से अनभिज्ञ नहीं था। उसे ये तो ज्ञात था हीं कि भीम आदि के सर इतने कोमल नहीं हो सकते जिसे इतनी आसानी से फोड़ दिया जाए। ये बात तो दुर्योधन को समझ में आ हीं गया था कि अश्वत्थामा के हाथों पांचों पांडव नहीं अपितु कोई अन्य हीं मृत्यु को प्राप्त हुए थे।

=====

अति शक्ति संचय कर ,

दुर्योधन ने हाथ बढ़ाया,

कटे हुए नर मस्तक थे जो ,

उनको हाथ दबाया।

=====

शुष्क कोई पीपल के पत्तों

जैसे टूट पड़े थे वो,

पांडव के सर हो सकते ना

ऐसे फुट पड़े थे जो ।

=====

दुर्योधन के मन में क्षण को

जो थी थोड़ी आस जगी,

मरने मरने को हतभागी

था किंचित जो श्वांस फली।

=====

धुल धूसरित हुए थे सारे,

स्वप्न दृश ज्यो दृश्य जगे ,

शंका के अंधियारे बादल

आ आके थे फले फुले।

=====

माना भीम नहीं था ऐसा

मेरे मन को वो भाये ,

और नहीं खुद पे मैं उसके,

पड़ने देता था साए।

=====

माना उसकी मात्र प्रतीति

मन को मेरे जलाती थी,

देख देख ना सो पाता था

दर्पोंन्नत जो छाती थी।

=====

पर उसके घन तन के बल से,

है परिचय कुछ मैं मानू,

इतनी बार लड़ा हूँ उससे

थोड़ा सा तो पहचानू।

=====

क्या भीम का सर ऐसे भी

हो सकता इतना कोमल?

और पार्थ ये हारा कैसे,

मचा हुआ हो अयोमल?

=====

अश्वत्थामा मित्र तुम्हारी

शक्ति अजय का ज्ञान मुझे,

जो कुछ भी तुम कर सकते हो

उसका है अभिमान मुझे।

=====

पर युद्धिष्ठिर और नकुल है

वासुदेव के रक्षण में,

किस भांति तुम जीत गए

जीवन के उनके भक्षण में?

=====

तिमिर घोर अंधेरा छाया

निश्चित कोई भूल हुई है,

निश्चय हीं किस्मत में मेरे

धँसी हुई सी शूल हुई है।

=====

दीर्घ स्वांस लेकर दुर्योधन

हौले से फिर डोला,

चूक हुई है द्रोणपुत्र,

निज भाग्य मंद है बोला।

=====

अजय अमिताभ सुमन:

सर्वाधिकार सुरक्षित

=====


My Blog List

Followers

Total Pageviews